Loading...
यह किताब, बच्चों के कल्पनाशील और अचरज भरे ढेर सारे सवालों और गुलज़ार के उतने ही अलबेले और मज़ेदार जवाबों की बानगी प्रस्तुत करती है। एक तरफ़ सवालों में बच्चों का सहज उत्सुकताबोध दिखाई देता है तो दूसरी ऒर जवाबों में वैसा ही विस्मयबोध। सवाल-जवाब के भावों में पगे सादगी भरे चित्र इसे और भी पठनीय और दिलचस्प बनाते हैं। प्रस्तुति और आकल्पन में एक तरह का खुलापन और खिलापन है जो पढ़ने वाले को ख़ुशी और सोचने का अवसर मुहैया कराते हैं। एक अनुपम किताब।
कहानी नरम गरम दोस्ती, हाशियाकृत समुदाय के जीवन यथार्थ से अवगत कराती है। इसमें स्कूल में पढ़ने वाले दो बच्चों की दोस्ती का भावपूर्ण घटनाक्रम है। इस तरह की कहानियाँ बाल साहित्य में बिरले ही पढ़ने को मिलती हैं। भाषा के ज़रिए यह कहानी कई स्तरों पर तरह-तरह के अर्थ बनाती है और सोचने-विचारने व सवाल उठाने को बाध्य करती है। सहज सरल भाषा पाठक को जुड़ाव महसूस कराती है। किताब के चित्र कहानी के परिवेश, सन्दर्भ और कथानक को सहजता से उभारते हैं।
विनोद कुमार शुक्ल ऐसे बिम्ब और प्रतीक रचते हैं कि पाठक को गद्य में भी कविता का रस मिलता है। ‘तीसरा दोस्त’ एक छोटी कहानी है जिसमें एक एहसास पूरे जीवन की तरह समाया हुआ है। दो दोस्तों का गहरापन, उनका एक दूसरे में अभिन्न रूप से शामिल होना एक चमत्कार की तरह घटता है। अतनु राय के चित्र हमेशा की तरह इसमें एहसास का गाढ़ापन भरते हैं।
स्याणा, सहजीवन और मानव व घरेलू जानवर के रिश्तों की मार्मिक कहानी है। यह अनूठे और अल्पज्ञात कतारिए समुदाय के रहन सहन, संस्कृति और विश्वासों से परिचित कराती है। साथ ही हम इस समुदाय के पालनहार ग्राम्य पशु ऊँट की शख्सियत, सौन्दर्य और चाल ढाल से रूबरू होते हैं। कई देशज शब्द मसलन स्याणा, कतारिए, चम्पाला, आदि के मायने जानने के लिए शब्दकोश का सहारा लेना पड़ता है, और यह कोशिश किताब से आत्मीय जुड़ाव बनाती है। सुन्दर चित्र कहानी के परिवेश को विस्तार देते हैं।
मिट्टी का इत्र कहानी संग्रह एक गुदडी की तरह अलग-अलग रंगों और सुरों की कहानियों को जोड़ता है। दिलीप चिंचालकर की उत्सुकता और जिज्ञासा हर कहानी के ज़रिए हमें उत्साहित और प्रेरित करती है। बचपन के अनुभव, रोज़मर्रा की जिन्दगी, बड़ी हस्तियों से मुलाक़ात, कलाकारों की कहानियाँ , जानवरों के किस्से, क्या नहीं है इस किताब में! हर कहानी हमें सैर पर ले चलती है और पूरी किताब पढ़ने के बाद आपको लगेगा कि आप दुनिया की सैर कर आए! इस किताब को अपने दोस्तों और परिवार वालों के साथ पढ़ें और दुनिया की महक बांटे, मिट्टी के इत्र के साथ।
इस कहानी संग्रह की सभी कहानियाँ चरित्र और कथानक के नज़रिए से बेजोड़ हैं।
कहानियाँ जितने अनूठे विषयों पर हैं, कही भी उसी अनूठेपन से गई हैं। कहानियों के कई पात्र हाशियाकृत समुदाय की ज़िन्दगी और जीवन मूल्यों को उभारती हैं। बेहद पठनीय, समृद्ध, ताज़ातरीन भाषा कहानियाँ पढ़ने को उकसाती है। गहरे रंगों से रचे गए प्रभावशाली चित्र कहानियों को और भी गहनता से देखने-समझने का नज़रिया देते हैं।
यह मूल्यवान पुस्तक महान चित्रकार रज़ा के चित्रों को देखने और समझने का अप्रतिम उपक्रम है। लेखक की प्रस्तावना और टिप्पणियाँ, रंग, रेखाओं और रिक्त अवकाशों को व्याख्यायित करते हुए कला के सौन्दर्य का उद्घाटन करती हैं। ’वह जो अपने हर अंश में स्पंदित हो रहा है वही जीवन है’: लेखक ने रज़ा के दस विख्यात चित्रों के स्पंदनों को महसूस करने के नये कोण, दृष्टि और तत्जनित रसास्वादन से पाठकों को समृद्ध किया है।
इस संग्रह की कविताओं की विषयवस्तु हमारा अड़ोस-पड़ोस है—हवा, धूप, पानी, बादल जैसी दैनंदिन जीवन की चीज़ें और उपस्थितियाँ। लेकिन कल्पना-शक्ति ने इनके नये नये संयोग बनाए हैं। ’सूरज का फूल खिला है,समय का फूल खिला है’…..सरीखी कविताएँ संसार को नयी नज़र से देखने और पहचानने का उद्यम हैं। छंद और लय का ललित व्यवहार करती ये कविताएँ सहज ही स्मृति में ठहर जाती हैं। साथ के चित्र रंगों का व्यंजक प्रयोग करते हुए कविताओं को प्रासंगिक पृष्ठभूमि प्रदान करते हैं।