Loading...
पाँच कहानियों का यह संकलन अलग अलग प्रसंगों और अनेक चरित्रों का समावेश करता है। एक कहानी तो स्कूल के शरारत भरे दिनों की पुनर्रचना करती है जबकि भौंकने वाले कुत्ते की करुण कथा पाठक को गमगीन कर देती है। ट्रेन के सफ़र का वाकया सुपरिचित होते हुए भी अनोखा लगता है। कहानियों की भाषा सुगम है। आमफहम शब्द और मुहावरे हैं। और अलग अलग इलाक़ों और तजुर्बों का ब्योरा है। चित्रांकन की अमूर्तन प्रविधि कथा को प्रशस्त और कल्पना को उन्मुक्त करती है।
यथार्थ, कल्पना, फैंटेसी और इंद्रजाल से बुनी ये कहानियाँ इतनी सम्मोहक हैं कि लगता है सब कुछ साक्षात घट रहा है। पहाड़ों, जंगलों के रहस्यमय संसार से लेकर क़स्बों के स्कूली वातावरण तक फैलीं ये कथाएँ जीवन के रोमांच और रहस्य का बखान हैं। चरवाहे, भेंड़ों और कुत्ते की कहानी, विचित्र भालू-नाखून की कहानी, सपनीली लड़की के लगातार बदलते जाने की हैरतअंगेज़ कहानी – सब की सब कहानियाँ परीकथाओं की तरह रोचक हैं। इनकी भाषा बेहद सर्जनात्मक है – ‘उसने खुशी के मारे जैसे खुद का ही एक चक्कर लगाया’। इसके चित्रों के कत्थई-भूरे रंगों की बहुतायत रहस्य-लोक को और भी सघन कर देती है।
इस लम्बी कहानी में एक कुशाग्र बालक बन्तू को उसकी नई कुर्सी अलग-अलग की मजेदार कहानियाँ सुनाती है। दोपहर की लोरी जैसी ये कहानियाँ उस पेड़ के खोखल में ‘टीटू किस्सेबाज़’ नामक चिड़िया की फेंकी हुई पोटली में थीं जिस पेड़ से यह कुर्सी बनी। लोककथाओं के जादुई शिल्प में रचित यह कथा भाषा के अनेक खेलों, कल्पना-उड़ानों और अलौकिक वर्णनों से सम्पन्न है। किस्सागोई के मजे तो हैं ही, भाषा ऐसी कि सुनने वाले को जगाए रखे। ख़ास बात ये कि हर चीज़ में एक कहानी छुपी होती है बशर्ते हम उसे सुनने की कोशिश करें, जैसे कि इस कुर्सी की, पेड़ की, चिड़िया की, बगीचे की कहानी-दर-कहानी।
यह उपन्यास कल्पनाशीलता, स्वप्नशीलता और भाषा के जादुई प्रयोगों का अद्भुत उदाहरण है। पाखी नामक बच्ची के स्वप्नों, अनुभवों पर केंद्रित यह कथा एकरैखिक गति में नहीं वरन् चक्रीय गति में चलती है, इसलिए सभी अध्यायों को ताश के पत्तों की तरह फेंटा जा सकता है और कहीं से भी शुरुआत की जा सकती है। यह एक प्रयोगशील, परन्तु ऐन्द्रिक तंतुओं से बुनी हुई कथा है जिसे चित्रों और रंगों का संयोजन अतिरिक्त त्वरा प्रदान करता है। जीवन में सबसे ज़रूरी है कल्पनाशीलता और नित नवीन संयोजन का सामर्थ्य।
एक सत्य घटना पर आधारित यह मार्मिक कहानी इंसान और कुत्तों के बीच पनपने वाले प्यार के सरल-सपाट विवरण से दिल को छू लेती है।
जैसे कि कई सड़क के कुत्ते होते हैं, रामू जिजीविषा का प्रतीक है और पाठक को अपना बना लेता है। लेखक की कामकाजी व्यस्तताओं से समझौता कर, वह एक मूँगफली बेचनेवाले लड़के के पास भी समय बिताता है। जीवन की परिस्थितियाँ लेखक को गाँव वापिस ले जाती हैं और लौटने पर रामू उन्हें नहीं मिलता। पर उसकी याद उनके और पाठक के दिल में स्थाई जगह बना लेती है। लेखन शैली तथा चित्रांकन दोनों ही इस कहानी के सूक्ष्म भाव को यूँ पकड़ते हैं कि पाठक देर तक उस दुनिया में बना रहता है।
यह किताब एक सप्तपर्णी के पेड़ से लेखक का संवाद है जिसमें पेड़ के अंदर होने वाली क्रियाओं के ऊपर लेखक अपनी कल्पना-शक्ति से बहुत से रंग और खुशबुएँ भरता है।
पेड़, धूप, खुशबू, कीड़े आदि का प्रभावपूर्ण मानवीकरण है जो उन्हें सम्मान की भूमिका में रखते हुए पाठक के लिए एक जुड़ाव बनाता है। पेड़ के साथ अनेक प्राणियों के अंतरंग संबंधों से पर्यावरण में परस्पर निर्भरता और मनुष्य का इसमें एक हिस्सा होना बख़ूबी निकल के आता है। मात्र आठ पन्ने की किताब में चित्रांकन की कई शैली शामिल हैं और कवर और बैक कवर भी पूरी किताब में सुंदरता से समन्वित हैं जिससे कि इसे पढ़ने का अनुभव भरा पूरा लगता है।
‘सच्ची और रोमांचक कहानियाँ’ पाँच ऐसी घटनाओं पर आधारित हैं जो अलग-अलग जगहों और समयों से ली गई हैं—कहीं आइन्स्टाइन का शहर, कहीं बर्फ़ीली रात की रेल-यात्रा या किसी विदेश के संग्रहालय में बंद हो जाने का अनुभव। हर कहानी में सिहरन और अचरज है, लेकिन भाषा बिल्कुल सहज, बोलचाल की है, जो पाठक को तुरंत अपनी ओर खींच लेती है। किताब के धुंधले-भूरे चित्र रहस्य का रंग और गहराते हैं। रोचक, सजीव और बच्चों की जिज्ञासा जगाने वाली यह पुस्तक अन्त तक बाँधे रखती है।
‘बीरबहूटी’ लाल रंग के सुंदर छोटे छोटे मखमली बरसाती कीट के वर्णन से शुरू होकर पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले दो दोस्त बेला और साहिल की कथा है जो अब आगे की पढ़ाई के वास्ते अलग हो जाएँगे। बीच में कक्षा के और बाहर के बहुत से प्रसंग हैं। यह मार्मिक कथा अनेक बच्चों के जीवन की अपनी कथा भी हो सकती है। बचपन की मासूम, सरल दोस्ती की याद सँजोती यह कहानी उन दिनों का पुनरावलोकन है, स्मृति को समृद्ध करती हुई। चित्र भी उतने ही सजीव और प्राणवान हैं।